22 अक्टूबर 2013

न काशी न काबा, बस बाबा ही बाबा ... 2

3 टिप्‍पणियां:
हमारी संस्कृति का कोई भी पहलू ऐसा नहीं जिसमें अध्यात्म शामिल न हो, धर्म की बात न हो, सब पहलूओं में सब कुछ शामिल होने के कारण भी हर पहलू की अपनी विशेषता होना भारतीय संस्कृति को अद्भुत बनाता है और यही इसकी जीवटता का सबसे सशक्त प्रमाण है. गतांक से आगे..!!

भारतीय संस्कृति का इतिहास उतना ही पुराना है जितना कि मानव का इतिहास. इस देश की सभ्यता भी
उतनी ही पुरानी है. दुनिया में अनेक परिवर्तन आये, अनेक दर्शन आये, अनेक धर्मों का प्रादुर्भाव हुआ, अनेक देश बने, अनेक संस्कृतियाँ बनी और उनका प्रभाव इस देश की संस्कृति पर भी पडा. जो भी जहाँ से आया अपनी भाषा, अपनी भूषा, अपनी बोली, अपना खान-पान, रहन-सहन सब कुछ साथ लेकर आया और इतिहास इस बात का गवाह है कि इस देश पर दुनिया की नजरें हमेशा टिकी रहीं, और यह देश सबके सपनों का देश बना रहा. हर कोई यहाँ बसने की चाहत अपने मन में पाले हुए इस देश की तरफ बढ़ा और काफी हद तक उन्हें सफलता भी मिली, लेकिन हर किसी ने यहाँ के लोगों की ईमानदारी, सेवा भाव और समदृष्टि का लाभ उठाकर अपने स्वार्थों को सिद्ध किया है, फिर भी इस संस्कृति की सबको समान देखने के भाव ने किसी के प्रति कोई गिला शिकवा नहीं किया, और आज तक भी यह भाव सदा जीवित है और इसके गहरे अर्थ हैं. जब हम गहराई में जाकर विश्लेषण करते हैं तो पाते हैं कि यह सब कुछ तभी संभव है जब हमारे मार्गदर्शक हमें निरंतर इस मार्ग पर बढ़ने की प्रेरणा देते रहते हैं. 

भारत एक अद्भुत देश है, यहाँ विज्ञान और तकनीक का विकास सबसे पहले हुआ है. दुनिया के इतिहास को देखने पर यह बात स्पष्ट रूप से समझ आती है कि जितनी भी प्रगति आज हम दुनिया में देख रहे हैं उसका आधार भारतीय जीवन दर्शन, तकनीक और विज्ञान का हिस्सा है. दुनिया के अनेक शासक, अनेक व्यापारी, अनेक कम्पनियां यहाँ आयी और यहाँ से अकूत धन और सम्पति लूट कर चली गयीं, लेकिन फिर भी भारत अपनी मूल भावना को नहीं भूला और आज तक भी वह भाव बना हुआ है. दुनिया के विकास का प्रत्येक पहलू इस देश से जुडा हुआ है, दूसरे शब्दों में इसे ऐसे कहा जा सकता है कि दुनिया में हर प्रकार के विकास का प्रेरक भारत रहा है और इस सबके पीछे हमारे ऋषि-मुनियों की मेहनत निहित है, उनका निस्वार्थ सेवा भाव और निरंतर मानव कल्याण के लिए कार्य करना किसी से छुपा नहीं है. दुनिया जब अपने जीवन को जीने की जद्दोजहद में लगी हुई थी हमारे यहाँ के वैज्ञानिक तब सूर्य और नक्षत्रों पर शोध कर रहे थे, तब तक हम इस ब्रहामंड के रहस्यों को खोज चुके थे और अपने निष्कर्षों को दुनिया के सामने रख चुके थे.  

हमारा अतीत बहुत गौरवमय है, हमारे इतिहास में कभी कोई ऐसा प्रमाण नहीं मिलता कि हमने अपने स्वार्थ के लिए कभी किसी के हितों को नुक्सान पहुँचाया हो, लेकिन इतना जरुर किया है कि जब भी दुनिया में अन्याय, अत्याचार, स्वार्थ का बोलवाला हुआ है तब हमने उसे मिटाने के लिए हर संभव प्रयास किये हैं और उन प्रयासों से हमने हर किसी के लिए शांति और सकून का वातावरण तैयार करने का प्रयास किया है. हमारे यहाँ पर ऋषि-मुनियों और साधू-संतों का बहुत सम्मान हुआ है, लेकिन कहीं पर अगर किसी साधू संत का अपमान हुआ है तो भी उन्होंने मानव हित के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने से भी गुरेज नहीं किया है. इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा पडा है, खासकर मध्यकाल के बाद का इतिहास जब इस देश की शासन व्यवस्था का जिम्मा विदेशी शासकों ने अपने हाथ में ले लिया था और अपने मकसद को पूरा करने के लिए वह तरह-तरह हथकंडे अपनाते थे और यह परम्परा आज तक भी जारी है.   शेष अगले अंकों में ......!!!

12 अक्टूबर 2013

जन्मदिन के बहाने

11 टिप्‍पणियां:
जन्मदिन हर किसी की जिन्दगी का अहम् दिन होता है. जीवन में चाहे कैसी भी स्थिति हो हम इस अवसर पर खासे रोमांचित होते हैं और माता-पिता के साथ-साथ ईश्वर को भी धन्यवाद देते हैं. जीवन में माता-पिता हमारे लिए पूजनीय होते हैं और ईश्वर अराध्य, माता-पिता साधन होते हैं तो ईश्वर साध्य, माता-पिता साकार हैं तो ईश्वर निराकार, माता-पिता के बगैर हम जीवन की कल्पना नहीं कर सकते, तो ईश्वर के बिना जीव की, ईश्वर और माता-पिता के गुणों और कर्मों का सम्बन्ध इतना गहरा है कि उसे एक दुसरे से अलग करना मुमकिन नहीं. इसलिए भारतीय संस्कृति में माता-पिता को ही ईश्वर की संज्ञा से अभिहित किया जाता रहा है. जीवन का कोई भी पक्ष हो हर पक्ष का शृंगार माता-पिता और ईश्वर के माध्यम से ही होता है, हम जीवन में किसी भी मुकाम तक पहुँच जाएँ लेकिन माता-पिता के लिए हम हमेशा बच्चे ही बने रहते हैं और इसी कारण हमें उनका प्रेम अनवरत मिलता रहता है और हमारा जीवन धन्य होता रहता है. 

जीवन के विषय में अनेक मत प्रचलित हैं और अनेक विश्लेषण भी, लेकिन अभी तक जीवन के विषय में कोई 
एक सर्वसम्मत मत प्रचलन में हो, ऐसा नहीं है. संसार में जितने भी दर्शन, मत और विचार आये सब जीवन की व्याख्या अपने-अपने तरीके से करते हैं और अभी तक कर रहे हैं, लेकिन कोई किसी निश्चित निष्कर्ष तक नहीं पहुंचता. जैसे हम जीवन के प्रति किसी निश्चित निष्कर्ष तक नहीं पहुँच सके वैसे ही हम ईश्वर के प्रति भी एकरूप दृष्टिकोण नहीं बना पाए और इसीलिए हम जीवन और मृत्य के बीच में जूझते हुए आगे बढ़ रहे हैं. जिसे हम जीवन कह रहे हैं वह तो ठीक है, लेकिन जिसे हम मृत्यु कह रहे हैं वह कहीं एक पक्षीय है. क्योँकि हम जब इस कायनात को देखते हैं तो हम पाते हैं कि यह पूरी सृष्टि पांच तत्वों से बनी हुई है और इस सृष्टि का संचालन-पालन करने वाला ईश्वर है और यह निराकार है, अजर है, अमर है, अविनाशी है, अखंड है तो फिर यह बात स्वाभाविक है कि ईश्वर का अंश जो शरीर में रहता है वह शरीर के न होने पर भी उसी स्थिति में रहता है, और जहाँ तक पांच तत्वों का सवाल है यह भी अपने-अपने मूल में मिलते हैं इसलिए मृत्यु का कोई प्रश्न ही पैदा नहीं होता. अब यह एक कपोल कल्पना जैसा है कि मृत्यु के बाद जीवन समाप्त हो जाता है, हाँ यह बात तो सच है कि जिस रूप में यह हमारे सामने होता है, वह रूप मिटता जरुर है, लेकिन वह ही कहीं नव जीवन का आधार बनता है, इसलिए जितना सकारात्मक दृष्टिकोण हम जीवन के प्रति रखते हैं उतना ही सकारात्मक दृष्टिकोण हमें इसके न होने पर भी रखना चाहिए. जब तक जीवन है तब तक हम पूरे संसार के प्रति सकारात्मक बने रहें और यह तब ही हो सकता है जब हम जीवन की वास्तविकता को समझते हों.

वर्तमान परिवेश को जब हम गहराई से विश्लेषित करते हैं तो हम पाते हैं कि जीवन के प्रति अनेक प्रकार के विरोधाभास प्रचलित हैं और यही हमारे बीच विरोध का कारण हैं. इन्ही विरोधों के कारण हम एक दुसरे को भिन्न समझते हैं और यहीं से क्रम शुरू होता है मनुष्य का मनुष्य के प्रति वैर भाव का और यही वैर भाव हमें गहन अन्धकार की तरफ ले जाता है और हम इतने क्रूर होते हैं कि हम मनुष्य को मनुष्य समझते ही नहीं और इस हद तक गिर जाते हैं कि हम उसके शरीर से प्राणों तक को जुदा करते हैं. फिर ऐसी स्थिति में न तो हमारे जीवन का कोई लाभ है और न ही जन्मदिन की कोई महता. हम जन्मदिन मनाएं एक उत्सव की तरह और जीवन जिएँ एक महोत्सव की तरह तो जीवन और जन्मदिन दोनों की महता बनी रहेगी.....इस ख़ास अवसर पर शुभकामनाओं के लिए आप सबका तहे दिल से शुक्रिया.     

16 सितंबर 2013

न काशी न काबा, बस बाबा ही बाबा...1

7 टिप्‍पणियां:
भारतीय सभ्यता और संस्कृति को जब हम गहराई से विश्लेषित करते हैं तो इसकी जड़ें और गहरी होती जाती हैं, हम जितना इसको समझने की कोशिश करते हैं, उतना ही हमें ऐसा आभास होता है कि अभी हम कुछ जान ही नहीं पाए हैं और यही इस संस्कृति की विशेषता है. इसके पीछे स्पष्ट बात तो यह है कि आप किस दृष्टि से इसे समझने की कोशिश करते हैं और आपका प्रयास कितना दृढ है, आपकी सोच कितनी स्पष्ट है. क्योँकि आप पूर्वाग्रहों से ग्रस्त होकर इस संस्कृति को नहीं समझ सकते, इसके लिए आपको निश्छल भाव की आवश्यकता है, इस संस्कृति से दृढ प्रेम और इसके प्रति समर्पण की आश्यकता है. तभी आप इसका कुछ अनुमान लगा सकते हैं और इसके गर्भ में जो कुछ छुपा है उसे समझ सकते हैं. लेकिन शायद एक जीवन के अगर हम सौ वर्ष भी जी लेंगे तो इसका पार नहीं पाया जा सकता, हां ऐसी अवस्था हो सकती है. जैसे कोई हजारों मील दूर से चलकर सागर के किनारे पहुँच गया हो और सागर को निहार कर ऐसा समझ ले कि वह अपने लक्ष्य तक पहुँच गया है. असली शुरुआत तो सागर के किनारे पर पहुँचने से होगी अब वास्तविकता तो उसके सामने तब आती है और वास्तविक यात्रा भी यहीं से शुरू होगी. अभी तक उसने जो कुछ किया वह एक तरह से पूर्वाभ्यास था जिसके दम पर वह यहाँ तक पहुँच गया. लेकिन जैसे ही वह सागर में गोता लगाएगा उसे ऐसा लगेगा कि उसकी मंजिल तो अभी बहुत दूर है और जितनी-जितनी गहराई में वह जाएगा उतना ही उसे लगेगा कि उसके हाथ से मंजिल दूर होती जा रही है. 

भारतीय संस्कृति के विषय में भी कुछ ऐसा ही है. ठीक सागर की यात्रा की तरह, हम इसे जितना भी देखते
हैं उतना ही यह गहरी होती जाती है. हम तो इस संस्कृति के साथ यात्रा ही तय करते हैं, लेकिन डुबकी नहीं लगाते, क्योँकि इतना अवसर हमारे पास है ही नहीं और आज के दौर की अगर बात की जाए तो शायद हमारे पास वक़्त ही नहीं, और संभवतः इस और हम ध्यान ही नहीं देते, यह सबसे बड़ी विडंबना है और आये दिन हम इसका खामियाजा भुगत रहे हैं और आने वाले दिनों में तस्वीर कितनी भयानक होगी यह तो कल्पना करने से भी डर लगता है, ऐसे में हमें एक गहरे विश्लेषण की आवश्यकता पड़ती है और सार्थक निष्कर्षों तक पहुँच कर उनके क्रियान्वन, उनके अनुपालन की आवशयकता पड़ती है . जो लोग भारतीय संस्कृति की थोड़ी सी भी समझ रखते हैं वह जीवन को ऐसा जीते हैं, जैसे उनके जीवन में कोई असमंजस ही ना हो, कोई दुविधा ही न हो, कोई संघर्ष ही न हो, उपरी तौर पर देखने में हमें ऐसा लग सकता है, लेकिन वास्तविकता तो यह है कि संस्कृति के माध्यम से जिस सच को उस व्यक्ति ने समझा है वह उसे जीवन में हमेशा ही सहज बनाए रखता है. यह संस्कृति की विशेषता है. भारतीय जीवन दर्शन और भारतीय संस्कृति दोनों एक दूसरे के पूरक हैं. भारतीय जीवन दर्शन हमें पूरे विश्व के प्राणियों से प्रेम करना सिखाता है, सबके प्रति आदर का भाव सिखाता है और सबके साथ रहते हुए इस विश्व को सुंदर रूप देने की प्रेरणा देता है और भारतीय संस्कृति तो और भी उदार भाव रखते हुए सबको अपने में समाहित करने की क्षमता रखती है. यह सिर्फ कहने को ही नहीं बल्कि ऐसा यहाँ हुआ है और बहुत प्रयासों के बाबजूद भी यह संस्कृति अपने गौरव को बनाए हुए है.

हम इतिहास को देखें इस दुनिया में कितनी ही सभ्याताएं और संस्कृतियाँ पनपी लेकिन वक़्त के साथ वह मिट भी गयी, लेकिन भारतीय संस्कृति की यह अद्भुत विशेषता है कि यह अभी तक अपने आप को अक्षुण बनाये हुए है, लेकिन इस अक्षुणता के पीछे बहुत से कारण है और उनमें से एक कारण यह है कि यह हमारे जीवन दर्शन का हिस्सा है, हमारे जीवन का कोई भी पहलू ऐसा नहीं जो संस्कृति के माध्यम से अभिव्यक्त न होता हो और जीवन दर्शन में कुछ भी ऐसा नहीं जो संस्कृति के लिए अवरोध उत्पन्न करे, और इसी कारण लाखों-करोड़ों वर्षों से हमारी संस्कृति अक्षुण बनी हुई है . हालाँकि यह भी सच है कि इस संस्कृति को नष्ट करने के अनेकों प्रयास हुए हैं लेकिन यह आजतक अपने गरिमा को बनाए हुए है, इसके बने रहने के कारणों पर जब हम विचार करते हैं तो समझ आता है कि यह हमारी सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और साहित्यिक व्यवस्था के कारण समझ आते हैं. हमारी संस्कृति का कोई भी पहलू ऐसा नहीं जिसमें अध्यात्म शामिल न हो, धर्म की बात न हो, सब पहलूओं सब कुछ शामिल होने के कारण भी हर पहलू की अपनी विशेषता होना भारतीय संस्कृति को अद्भुत बनाता है और यही इसकी जीवटता का सबसे सशक्त प्रमाण है .....बाकी के बिंदु  अगले अंक में ....!!!