पाठक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पाठक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

17 अप्रैल 2014

सृजन की प्राथमिकता, ब्लॉगिंग और हम...4

7 टिप्‍पणियां:
गतांक से आगे.......ब्लॉग एक ऐसा शब्द जो web-log के मेल से बना है. जो अमरीका में सन 1997 के दौरान इन्टरनेट पर प्रचलित हुआ. तब से लेकर आज तक यह शब्द मात्र शब्द ही बनकर नहीं रहा है, बल्कि ब्लॉग जैसे माध्यम से अनेक व्यक्तियों ने सृजन के क्षेत्र में कई नए आयाम स्थापित किये हैं. ब्लॉग की अपनी अवधारणा है और इससे जुड़े लोगों ने इसे प्रचलित करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. ब्लॉग तकनीक और सृजन का ऐसा ताना-बाना है जिसने दुनिया में वैचारिक क्रांति का सूत्रपात किया. प्रारंभ में बेशक ब्लॉग मात्र अपने मन की भावनाओं या निजी अभिव्यक्तियों के साधन रहे हों. लेकिन कालान्तर में इस दृष्टिकोण में व्यापक परिवर्तन आया है. अब इसे अभिव्यक्ति की नयी क्रांति के नाम से भी अभिहित किया जा रहा है. हो भी क्योँ न, क्योँकि अब साइबर स्पेस में आप कहीं भी कुछ भी लिखने के लिए स्वतन्त्र हैं. आप पर किसी तरह का कोई दबाब नहीं है. न ही कोई झंझट. आपके पास बस कुछ मुलभुत सुविधाएं हों तो आप कहीं पर भी ब्लॉगिंग कर सकते हैं, और अपने विचारों को दुनिया के किसी भी व्यक्ति तक पहुंचा सकते हैं. आपके पास सृजन का एक अनंत आकाश हैं, और अनेक प्रारूप भी. आप अपने विचार और भाव चाहें तो लिखित रूप में अभिव्यक्त कर सकते हैं, या फिर दृश्य और श्रव्य माध्यम का सहारा ले सकते हैं. इतना ही नहीं आप चित्र, कार्टून  आदि के माध्यम से भी अपने भावों और विचारों से दुनिया को अवगत करवा सकते हैं.

पिछले कुछ वर्षों में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हुई उथल-पुथल में ब्लॉग जैसे माध्यम की महती भूमिका है. क्षेत्र कोई भी हो, देश कोई भी हो, भाषा कोई भी हो ब्लॉग ने हमें इन सब बन्धनों से आजाद किया है. यूनीकोड जैसी भाषाई तकनीक ने हर व्यक्ति की अँगुलियों को की-बोर्ड पर चलाने के लिए विवश किया है. अनुवाद के विभिन्न तकनीकी साधनों ने हमारी भाषाई समझ को बढाने में कारगर भूमिका अदा की हैं. इस माध्यम से हम विश्व की विभिन्न भाषाओँ में रचे जा रहे साहित्य और उन भाषाओँ में अभिव्यक्त किये जा रहे विचारों से अवगत हो सकते हैं. विश्व के किसी भी देश की संस्कृति, इतिहास, साहित्य, संगीत आदि की जानकारी हमें ब्लॉग के माध्यम से सहज ही मिल जाती हैं. ब्लॉग के माध्यम से हम सृजन की एक ऐसी दुनिया में प्रवेश करते हैं, जहाँ हम चिंता मुक्त होकर सृजन कर सकते हैं, और जहाँ तक पठनीयता का प्रश्न है वहां हम किसी भी हद तक कुछ भी पा सकते हैं. कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि ब्लॉग की दुनिया एक काल्पनिक दुनिया की तरह है. लेकिन यहाँ पर जो कुछ भी घटित हो रहा है वह सब कुछ यथार्थ में घटित हो रहा है. हम एक अनंत सागर में गोते लगा रहे हैं, बस यह हम पर निर्भर करता है कि हम कितनी गहराई में उतर पाते हैं और जितना गहरे हम उतरेंगे उतना ही लाभ हमें होगा. 

सृजन के सन्दर्भ में ब्लॉग की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है. सबसे बड़ी बात तो यह है कि यहाँ पाठक और
रचनाकार के बीच में कोई दीवार नहीं है. पाठक अपनी प्रतिक्रिया से रचनाकार (ब्लॉगर) को अवगत करवा सकता है. यहाँ सिर्फ कोई लेख या विचार पसंद और नापसंद के  आधार नहीं परखा जाता, बल्कि उस लेख के माध्यम से अभिव्यक्त किये गए विचार के आधार पर विचार किया जाता है. पाठक के लिए विचार और जानकारी महत्वपूर्ण है. इससे आगे उसकी समझ विश्लेषण और तथ्यों को लेकर है. जब कोई पाठक अपने मनमाफिक तथ्यपूर्ण और गहन जानकारी किसी ब्लॉग पर पाता है तो यक़ीनन वह उस ब्लॉग को पढने के लिए बेताब रहता है. पाठक और रचनाकार (ब्लॉगर) के इस संवाद के कारण रचनाकार (ब्लॉगर) को बहुत संभल कर चलने की जरुरत होती है. क्योँकि रचनाकार (ब्लॉगर) को इस बात का अहसास होना चाहिए कि उसके द्वारा अभिव्यक्त किये गए विचारों एक सीमा हो सकती है. लेकिन पाठकों की नहीं. उसके पाठक वर्ग में कोई दीवार नहीं है. स्त्री-पुरुष, अमीर-गरीब, वृद्ध-जवान, हिन्दू-मुस्लिम हर कोई उसके विचारों को पढ़ सकता है, कभी भी कहीं भी. ऐसी स्थिति में अगर पाठक प्रशंसा कर रहा है तो वह आलोचना भी कर सकता है. आलोचना और प्रशंसा के बीच पाठक और रचनाकार के लिए विभिन्न पाठकों की प्रतिक्रियाएं भी महत्वपूर्ण होती है. कई बार यह प्रतिक्रियाएं किसी वैचारिक लेख को, कविता को, कहानी को, निबंध को विमर्श का हिस्सा बना देती है और ऐसे में पाठकों और पाठकों के बीच विमर्श चलता है और कई बार रचनाकार (ब्लॉगर) और पाठक के बीच में यह बहस चलती रहती है.  

इस स्थिति में किसी लेख से सम्बन्धित ऐसे तथ्य उभर कर सामने आते हैं जिनके विषय में सभी अवगत नहीं होते. ब्लॉग की यह एक अन्यतम विशेषता है. क्योँकि जब हम कोई पुस्तक पढ़ रहे होते हैं तो हमारे जहन में कुछ विचार उभरते हैं, लकिन हम उन विचारों से लेखक तक को अवगत नहीं करवा सकते, लेकिन ब्लॉग की दुनिया में ऐसा नहीं है. ब्लॉगर द्वारा अपने ब्लॉग पर लिखी गयी किसी भी पोस्ट पर आप अपनी प्रतिक्रिया से ब्लॉगर को तुरंत अवगत करवा सकते हैं. सृजन के इतिहास में यह नया उपक्रम है. यक़ीनन इस उपक्रम ने सृजन की प्राथमिकताओं में भी परिवर्तन किया है, लेकिन यह परिवर्तन वैचारिक है. सैद्धांतिक रूप से सृजन की प्राथमिकताएं वैसी ही हैं जैसे अन्य माध्यमों के रचनाकारों की हैं. क्योँकि हमें इस बात को ध्यान में रखना चाहिए कि ब्लॉग मात्र एक माध्यम है अपने भावों और विचारों को अभिव्यक्त करने का, इससे ज्यादा कुछ नहीं. हम कागज पर लिखने की बजाय इन्टरनेट के माध्यम से लिखें. बस माध्यम बदला है, विचार, भाव और विधाएं तो वही हैं, काफी हद तक शैली भी, ऐसे में ब्लॉग को विधा नहीं बल्कि माध्यम कहना ज्यादा प्रासंगिक लगता है. कुछ लोग ब्लॉग को विधा का नाम भी देते हैं लेकिन यह प्रासंगिक नहीं. शेष अगले अंक में.......!!!!   

22 मार्च 2013

पुस्तकें और पाठक .. 3

11 टिप्‍पणियां:
एक रचनाकार ने किसी पुस्तक में बेशक अपनी व्यक्तिगत भावनाओं, अनुभूतियों और चिंतन को अभिव्यक्ति दी है , लेकिन जब वह कला के माध्यम से अभिव्यक्त  हुई है तो वह पाठक के लिए रोचक और उसके जीवन, उसकी दृष्टि को बदलने वाली होती है .....!! गतांक से आगे…!!

एक पुस्तक के माध्यम से ही रचनाकार पाठक के मानसपटल पर प्रभाव डालने में सक्षम होता है . यह बात भले ही पाठक को पता होती है कि रचनाकार ने जिस भाव, विचार को अभिव्यक्ति दी है वह उसका अपना अनुभव है , उसका अपना चिंतन है . लेकिन फिर भी पाठक सहज ही आकर्षित होता है उस पुस्तक की ओर, जिसके रचनाकार से वह अनभिज्ञ  होता है . पुस्तक को पढ़ते वक़्त पाठक अपनी मानसिक अवस्था को भूल जाता है और वह रम जाता है कुछ नया पाने की जिज्ञासा से उस पुस्तक में जो उसके हाथ में है, जिसे वह पढने की चेष्टा कर रहा है . जब पाठक को अपने मन के अनुकूल किसी पुस्तक में कुछ पढने को मिलता है तो वह संवाद की स्थिति तक पहुँच जाता है और यही एक रचनाकार की सफलता है और पाठक की पठनीयता . 

पुस्तकें जीवन का सार है , सृष्टि की व्याख्या हैं , अनुभूतियों और विचारों का जीवंत दस्तावेज हैं . हमें इस बात को स्वीकारना होगा कि रचनाप्रक्रिया कोई आसान नहीं है . व्यक्ति जब संवेदना के चरम पर होता है तो वह रचनाशीलता की तरफ अग्रसर होता है, और जो कुछ उसने अनुभूत किया होता है उसे अपनी कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने का प्रयास वह करता है, यह भी सच है कि रचनाकार के मन में कुलबुला तो बहुत कुछ रहा होता है , लेकिन वह अभिव्यक्त बहुत कम कर पाता है , क्योँकि हर भाव को , हर अनुभूति को शब्द देना इतना आसान तो नहीं . जो स्थिति रचनाकार की रचना करते वक़्त होती है , लगभग वही स्थिति पाठक की किसी रचना को पढ़ते वक़्त होती है , किसी नाटक को देखते वक़्त होती है , किसी चित्र को निहारते वक़्त होती है . जब तक हम रचनाकार की किसी कृति में पूरी तन्मयता से नहीं समाते तब तक हम ना तो रचना का मंतव्य समझ पाते हैं और न ही हम आनंद की अवस्था को ग्रहण कर पाते हैं . जब पाठक  रचना / पुस्तक के माध्यम से रचनाकार की भावभूमि तक पहुँच जाता है तो वह वास्तविकता में आनंद से सराबोर हो जाता है और यहीं से उसके जीवन में चिंतन की प्रक्रिया आरंभ होती है . वह रचनाकार के मंतव्यों को समझना शुरू करता है और उन्हें क्रियान्वित करने के लिए अपने आपको तैयार करता है . मुझे आज तक किसी रचना / कृति / पुस्तक को देखने / पढने के बाद यही लगा कि रचना करना किसी हद तक आसान है , लेकिन पढ़ना कहीं मुश्किल है . क्योँकि रचनाकार ने जिस वक़्त रचना की है या रचना करने की तरफ उसका ध्यान जा रहा है तो वह काफी हद तक सहज है , और यह भी सच है कि उसके मानसपटल में वह सब कुछ चल रहा है बस उसने उसे अभिव्यक्ति दे दी . लेकिन पाठक के साथ ऐसा नहीं है उसे पुस्तक पढने के लिए अपने आपको तैयार करना होता है , खुद को एक निश्चित भाव भूमि पर स्थापित करना होता है .

हालाँकि पाठक पुस्तक पढने के लिए बाध्य नहीं है . लेकिन जो सच्चा पाठक है , जिसमें कुछ सीखने की ललक है उसके लिए कई बार पुस्तक पढना बाध्यता बन जाती है . किसी मंतव्य के लिए पढना और सहज में ही पढना, अगर देखा जाये तो दोनों में बहुत अंतर है . हम किसी परीक्षा के लिए , किसी अन्य उद्देश्य के लिए पढ़ रहे होते हैं तो हमारी भावभूमि अलग होती है . वहां हमें पुस्तक से प्रेम नहीं , हमें पठन से कोई लगाव नहीं , लेकिन एक बाध्यता है हमारे सामने एक लक्ष्य है जिसे पूरा करने के लिए हम पढ़ रहे हैं . जैसे ही हम उसे हासिल कर लेंगे फिर तो शायद हजारों रुपये खर्च करके लायी गयी उन पुस्तकों को हम देखने की जहमत ही ना उठाएं . लेकिन वास्विकता में पढना वह नहीं है . एक साक्षर और शिक्षित व्यक्ति में अंतर होता है , और वह अंतर हमारी पठनीयता के कारण होता है . हम मात्र जानकारी के लिए, किसी परीक्षा को पास करने के लिए, किसी ओहदे को पाने के लिए अगर पढ़ रहे हैं तो वह हमारे साक्षर होने की प्रक्रिया का हिस्सा है और यह बात सच भी है . अगर ऐसा नहीं होता तो शायद आज यह हालत पैदा नहीं होते . आज की पठनीयता में साक्षर तो पैदा हो रहे हैं लेकिन शिक्षित बहुत कम . 

हमें सही मायनों में शिक्षित होना है , बुद्धिजीवी होना है तो सहज में पुस्तक की शरण में जाना होगा और खुद को उसे समर्पित करना होगा , लेकिन यह ध्यान रहे कि जिस पुस्तक को हम पढ़ रहे हैं उसकी अभिव्यक्ति भी तो श्रेष्ठ होनी चाहिए . क्योंकि अगर हम पुस्तक के चुनाव में सफल नहीं हो पाए तो हो सकता है कि हम जीवन में भी सफल ना हो पायें और यह भी हो सकता है कि हमारे जीवन की दिशा ही बदल जाये . एक सफल रचनाकार होना अलग बात है , लेकिन एक सफल पाठक होना उससे भी कहीं बड़ी बात है .

17 मार्च 2013

पुस्तकें और पाठक .. 2

8 टिप्‍पणियां:
पुस्तक की महता का कोई पैमाना शायद आज तक निश्चित नहीं हो पाया है कि वह कितनी महत्वपूर्ण है, लेकिन एक संकेत देता चलूँ कि आज जिन रचनाकारों के सामने हम नतमस्तक होते हैं उन चिंतन और व्यक्तित्व अगर किसी माध्यम से हमारे सामने आया है तो वह हैं 'पुस्तकें' ....!गतांक से आगे .....!!! 

पुस्तक रचनाकार के भावों और विचारों का जीवंत और स्थायी दस्तावेज है. पुस्तक के माध्यम से ही रचनाकर अपने व्यष्टि भाव को समष्टि के साथ सांझा करता है . भारतीय रचना चिंतन में रचनाकार और रचनाओं के महत्व पर व्यापक बहस हुई है और यह समझने का प्रयास बराबर होता रहा है कि आखिर कोई सामान्य व्यक्ति रचनाशीलता की तरफ कैसे और क्योँ प्रवृत होता है ? रचनाशीलता के प्रति उसका लगाव और उसकी क्या प्राथमिकताएं रहती हैं ? इसे कभी प्रयोजन कहा गया तो, कभी हेतु . लेकिन मूल प्रश्न तो रचनाकार की रचनाशीलता को समझने का रहा . इसी प्रकार पाठक और उसकी मानसिकता को समझने के प्रयास भी प्रारंभ से होते रहे और आज भी हो रहे हैं औरआगे भी  निरंतर जारी  रहेंगे, लेकिन यह बात भी सच है कि मनुष्य का स्वभाव ही ऐसा है कि वह कुछ नया किये बिना नहीं रह सकता . मनुष्य ही नहीं स्वयं प्रकृति भी परिवर्तन को अपनी महती आवश्यकता मानती है और यह आवश्यक भी है .

रचनाकार और प्रकृति का गहरा सम्बन्ध है . इसे यूं भी अभिव्यक्त किया जा सकता है कि प्रकृति ही किसी संवेदनशील व्यक्ति को रचनाशीलता की तरफ प्रेरित करती है . भारतीय और पाश्चात्य जगत के विद्वान इस मत पर एकमत है,  जहाँ वह कहते हैं कि रचनाशीलता का आदिस्रोत दैवीय प्रेरणा है तो सीधी सी बात है कि रचनाकार प्रकृति और इसके रहस्यों की तरफ जिज्ञासा से आगे बढ़ता है और उसे जो कुछ भी समझ आता है, अनुभूत होता है, उसे वह अभिव्यक्त करने की कोशिश करता है और उसी कोशिश में किसी कविता का जन्म होता है , किसी मूर्ति का खाका बनता है, कहीं संगीत की कोई धुन बजती है तो कहीं केनवास पर कोई जीवंत चित्र . इस परिप्रेक्ष्य में अगर हम देखें तो रचनाशीलता का संसार बड़ा अद्भुत है, और किसी हद तक रहस्यमयी भी .  जब रचनाकार स्वयं ही कह रहा है " वियोगी होगा पहला कवि, आह से उपजा होगा गान". तो निश्चित रूप से रचनाकार अपने मन के खालीपन को, मन की टीस को, भीतर के द्वंद्व के साथ - साथ अपनी हर अनुभति को अपनी कला के माध्यम से अभिव्यक्त करता है और यह अभिव्यक्ति का संसार जितना विविधता भरा है, उतना ही यह व्यापक भी है . एक तरफ तो यह बात वहीँ दूसरी तरफ अभिव्यक्ति के बिना जीवन के निरीह और रसहीन होने की बात भी स्वीकार की जाती है और साहित्य, कला और संगीत के बिना मनुष्य को साक्षात पशु तक कहा गया है भर्तृहरि के अनुसार " साहित्य, संगीत कला विहीनः , साक्षात पशु पुच्छ विषाणहीनः". तो निश्चित रूप से कला मनुष्य के लिए कला महत्वपूर्ण है और कला जीवन की सक्रियता, संवेदना, अनुभति  और अभिव्यक्ति की परिचायक है . 

एक पुस्तक रचनाकार के संवेदनशील होने का जीवंत प्रमाण है. उसकी अभिव्यक्ति और उसके चिंतन के गतिमान होने का सबूत है और काफी हद तक उसकी चिन्ताओं, अनुभवों, आकांक्षाओं , प्राथमिकताओं और दृष्टि का परिचय है . पुस्तक के माध्यम से रचनाकार ने जिस भाव को, चिंतन को अभिव्यक्त किया है उसकी प्रासंगिकता और महता का निर्धारण तो समाज को करना है और समाज व्यक्तियों से बनता है . समाज से कटी हुई अभिव्यक्ति कभी भी कालजयी नहीं हो सकती और फिर रचनाकार के समाज चिन्तक और हितकारी होने के का तो सवाल ही पैदा नहीं होता. इसलिए रचनाकार कभी भी समाज निरपेक्ष नहीं हो सकता और जो ऐसा रचनाकर है उसे समाज कभी स्वीकार भी नहीं करता . एक पुस्तक रचनाकार के विचारों का प्रतिनिधित्व करती है, उसकी सोच को , उसके चिंतन को पाठकों से सांझा करती है और रचनाकर के प्रति पाठक के सम्मान का कारण बनती है . एक रचनाकार ने किसी पुस्तक में बेशक अपनी व्यक्तिगत भावनाओं, अनुभूतियों और चिंतन को अभिव्यक्ति दी है , लेकिन जब वह कला के माध्यम से अभिव्यक्त  हुई है तो वह पाठक के लिए रोचक और उसके जीवन, उसकी दृष्टि को बदलने वाली होती है .....!!

08 फ़रवरी 2013

पुस्तकें और पाठक .. 1

11 टिप्‍पणियां:

संवाद स्थापित करना प्राणी की अनिवार्य और महत्वपूर्ण आवश्यकता है. अगर हम यह कल्पना करें कि जब संवाद स्थापित करने के साधन नहीं थे तो जीवन कैसा रहा होगा ? संवाद करना सिर्फ मनुष्य की ही नहीं, प्राणी मात्र की आवश्यकता है. हर एक प्राणी अपने भाव को प्रकट करता है और उसे प्रकट करने के लिए वह किसी ख़ास शैली का प्रयोग करता है. संवाद प्रत्यक्ष और परोक्ष दोनों तरह से स्थापित किया जा सकता है. संवाद स्थापित करने के लिए लिखित, मौखिक और सांकेतिक विधियां मुख्य रूप से प्रयोग में लायी जाती रही हैं. हालाँकि इनकी कोई सीमा नहीं निर्धारित की जा सकती, लेकिन यह तीन विधियां प्रारंभ से प्रचलन में रही हैं और जीवन रहते तक इनकी महता बनी रहेगी. जहाँ पर हम प्रत्यक्ष संवाद करते हैं वहां हमारे सामने मौखिक विकल्प ज्यादा रहता है या फिर लिखित और मौखिक दोनों प्रकार से हम संवाद स्थापित कर सकते हैं. लेकिन जहाँ हम लोगों के सामने जाकर अपनी बात नहीं रख पाते तो वहां हम लिखकर या संकेत रूप में अपने भावों को प्रकट करते हैं, और आधुनिक युग में तो हम संवाद स्थापित करने के लिए सुचना तकनीक के अनेक साधनों का प्रयोग करते हैं.
अगर हम यह कहें कि जो कुछ भी हम देख रहे हैं उसमें संवाद की भूमिका महत्वपूर्ण है तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी. मानव जीवन के इतिहास का एक नहीं बल्कि अनेक पहलू संवाद के बिना अधूरे हैं, इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि संवाद के बिना उनकी कल्पना करना बेमानी जैसा होगा. संवाद करने की इस उत्कट इच्छा ने मानव को भाषा दी, लिपि दी और फिर आज जो कुछ भी हम देख रहे हैं वह एक तरह से संवाद स्थापित करने का ही हिस्सा है. सूचना तकनीक के साधनों का विकास भी एक पड़ाव है संवाद स्थापित करने के और इसने सब कुछ बदल दिया है. मनुष्य ने जब लिखित रूप से संवाद करने की कोशिश की तो फिर अनेक साधनों का विकास किया. एक तरफ उसने लिपि का अविष्कार अपनी भाषा को सुरक्षित करने के लिए किया तो दूसरी तरफ कागज़, कलम और स्याही का आविष्कार उसे सुरक्षित रूप प्रदान किया. अपने विचारों को सहेजने के लिए उसने फिर की शैलियों का प्रयोग किया और उन विचारों को जिस माध्यम से दुनिया तक पहुंचाया उसे हमने पुस्तक की संज्ञा से अभिहित किया. आज हम देखते हैं कि एक रचनाकार अपने भावों को, विचारों को पुस्तकों के माध्यम से दुनिया के कोने - कोने तक सहजता से पहुंचा सकता है, यही नहीं हम हजारों वर्षों पुराने दस्तावेजों के माध्यम से अपने अतीत को जान सकते हैं और यह भी बड़ा रोचक है कि भविष्य की योजनायें बनाने में भी कहीं न कहीं पुस्तकों की भूमिका महत्वपूर्ण है. यह आज भी है, कल भी थी और भविष्य में भी बनी रहेगी.
एक पुस्तक जो हमारी नजरों के सामने से गुजरती है, आज जिस रूप में वह हमारे सामने है उसके विकास की कहानी बड़ी रोचक है और ना जाने उसके कितने पड़ाव हैं. यह भी हो सकता है कि उसके विकास के कुछ पडावों को हम विस्मृत कर गए हों. लेकिन एक पुस्तक विकास का सिर्फ एक आयाम लेकर ही हमारे सामने नहीं आती बल्कि अनेक आयामों का प्रकटीकरण वह अपने माध्यम से करती है. संवाद स्थापित करने के लिए भाषा, भाषा को सहेजने के लिए लिपि, लिपि को मानक रूप देने के लिए ध्वनि चिन्ह और उसे व्यवस्थित करने के लिए व्याकरण इसी प्रकार यह शृंखला आगे बढती जाती है. एक तरफ तो यह अगर दूसरी तरफ देखें तो भाषा को जिन  माध्यमों से सहेजा गया उनमें कहीं पर पत्थरों/ शिलाओं का योगदान रहा तो कहीं बांस का, फिर हमने भोजपत्रों, धातुपत्रों  पर लिखना शुरू किया आगे चलकर कागज़ का अविष्कार हुआ, हाथ से लिखने से लेकर बड़ी- बड़ी मशीनों माध्यम से यह काम होना आदि बहुत से आयाम हैं जो इस पुस्तक के इतिहास से जुड़े हैं. इस दिशा में हम निरंतर विकास कर रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं. इन सब पर लिखने के लिए स्याही के रूप में अनेक द्रव्यों का प्रयोग आदि काल से होता रहा है . हालाँकि यह विषय एक स्वतन्त्र विश्लेषण की अपेक्षा रखता है और निकट भविष्य में इस पर भी आपसे अपने अनुभव सांझा करने का प्रयास रहेगा. 
एक पुस्तक के पाठक तक पहुँचने के आयामों की कहानी बड़ी रोचक और गतिशील है और उस पुस्तक के माध्यम से व्यक्ति की जीवन में परिवर्तन बड़ा अद्भुत है. यह किसी चमत्कार से कम नहीं. यूं देखने में तो पुस्तक निर्जीव लगती है लेकिन अगर उसकी अंतरात्मा को हम समझ पाए तो वह हमारे लिए जीवन से कहीं बढ़कर है . पुस्तक की महता का कोई पैमाना शायद आज तक निश्चित नहीं हो पाया है कि वह कितनी महत्वपूर्ण है, लेकिन एक संकेत देता चलूँ कि आज जिन रचनाकारों के सामने हम नतमस्तक होते हैं उन चिंतन और व्यक्तित्व अगर किसी माध्यम से हमारे सामने आया है तो वह हैं 'पुस्तकें' ....!